
तेंदूखेड़ा, देशबंधु। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक प्रत्येक पात्र हितग्राही को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले भर में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में नगर परिषद तेंदूखेड़ा द्वारा नगर के सभी 15 वार्डों में 8 जुलाई से 17 जुलाई तक वार्डवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 10 जुलाई दिन शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 5 एवं वार्ड क्रमांक 6 के लिए शिविर शासकीय प्राथमिक कन्या शाला जो वार्ड क्रमांक 12 में स्थित है, में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन एवं आवेदन कराए। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में 50 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें वृद्धावस्था पेंशन योजना के सत्यापन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बी.पी.एल., प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, कर्मकार मंडल (मजदूरी) कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन शामिल रहे। शिविर में वहीं प्राप्त आवेदनों में से 30 से अधिक हितग्राहियों का पेंशन सत्यापन किया गया, जो कि प्राप्त आवेदनों में आधे से अधिक है।
शिविर में पहुंचे नागरिकों के दस्तावेजों का परीक्षण कर मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए गए तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी, जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
आयोजित इन वार्ड स्तरीय शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करते हुए एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर नगर परिषद के कर्मचारीगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, पटवारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
Leave A Reviews