
इंदौर के भागीरथपुरा बस्ती में दूषित पानी से हुई मौतों की अस्थियों का विसर्जन शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रयागराज के लिए रवाना किया। इस अवसर पर बस्ती में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस नेता मुकेश यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए।
ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ मृतकों की अस्थियों की पूजा की, उसके बाद अस्थियां प्रयागराज भेजी गईं। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि यह बस्ती भाजपा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है और नगर निगम की लापरवाही के कारण ही दूषित पानी की सप्लाई हुई, जिससे 36 लोगों की मौत हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने बस्तीवालों को अशिक्षित बताया और बस्ती का अपमान किया।
पटवारी ने यह भी बताया कि नगर निगम अपने कर्मचारियों की मौत पर 30 लाख रुपये से अधिक की राशि देता है, जबकि दूषित पानी से हुई मौतों के परिजनों को सिर्फ दो-दो लाख रुपये दिए गए। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण कार्रवाई बताया और कहा कि बस्ती में अभी भी समस्याएं बनी हुई हैं और भाजपा के जनप्रतिनिधि अब बस्ती में नहीं आ रहे हैं।
भागीरथपुरा बस्ती में ढाई माह पहले दूषित पानी के कारण डायरिया फैला था, जिसमें 1500 से अधिक लोग बीमार पड़े और 450 से अधिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर बीमारी के कारण 36 लोगों की मौत हो गई थी। अब बस्ती में कोई गंभीर बीमारी नहीं है और नई जल आपूर्ति लाइन बिछाई जा रही है।

Leave A Reviews