
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, मुख्य डाकघर के अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह को भोपाल स्थित हेड ऑफिस से अलर्ट प्राप्त हुआ था। ईमेल में पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि इसमें किसी विशेष जिले का नाम नहीं था, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहडोल में भी तुरंत सतर्कता बढ़ा दी गई।
कोतवाली पुलिस, बीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉड ने डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय परिसर को घेरकर एक-एक कोने की बारीकी से जांच की। इस दौरान सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए आम लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई।
कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई थी और फिलहाल स्थिति सामान्य है।
धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए साइबर टीम को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Leave A Reviews