Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सतना जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने घंटों चलाया सर्च ऑपरेशन

सतना जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक और न्यायिक महकमे में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार सुबह सामने आई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर डाल दिया। यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात पते से भेजी गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर और जजों के कार्यालयों में 15 जहरीली गैस से भरे बम लगाए गए हैं, जो शुक्रवार दोपहर 1 बजे विस्फोट करेंगे।

ईमेल मिलते ही अलर्ट मोड पर आया प्रशासन

जानकारी के अनुसार, 'Gayathri_shabaz' नामक आईडी से आए इस धमकी भरे मेल में अदालत परिसर को दहलाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को कार्रवाई के निर्देश दिए। हालांकि शुक्रवार को अवकाश का दिन था, फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल, बॉम्ब निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने जजों के चैंबर, रिकॉर्ड रूम और कोर्ट के हर कोने की बारीकी से जांच की।

तहसील न्यायालयों में भी सुरक्षा कड़ी, चप्पे-चप्पे की तलाशी

पुलिस की सतर्कता केवल मुख्य जिला न्यायालय तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि एहतियात के तौर पर मैहर, अमरपाटन और अन्य तहसील न्यायालयों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटों तक चले इस ऑपरेशन के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की है कि फिलहाल परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन एहतियात के तौर पर कोर्ट के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की जा रही है।

साइबर सेल खंगाल रही ईमेल की लोकेशन

सतना पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस धमकी भरे मेल की जांच अब साइबर सेल को सौंप दी गई है। विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह मेल कहां से और किस आईपी एड्रेस (IP Address) से भेजा गया था। पुलिस यह भी जांच रही है कि यह किसी शरारती तत्व की मानसिक खुराफात है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।

Share:

Leave A Reviews

Related News