
पीथमपुर: औद्योगिक नगरी पीथमपुर में मंगलवार तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक बोरिंग साइट पर काम खत्म करने के बाद वाहन के नीचे सो रहे तीन मजदूरों को चालक ने लापरवाही से गाड़ी रिवर्स करते समय कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीनों मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामचरण (56), भानुप्रताप (19) और अरविंद (22) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के निवासी थे।
थकान मिटाने के लिए गाड़ी के नीचे ही सो गए थे मजदूर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गवला निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर बोरिंग का काम चल रहा था। दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद छत्तीसगढ़ निवासी ये तीनों मजदूर थककर पास ही खड़ी सपोर्टिंग एयर गाड़ी (नंबर KA-51 MC-5799) के नीचे आराम करने के लिए लेट गए थे। उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिस वाहन की छाँव में वे सुकून की नींद ले रहे हैं, वही उनकी मौत का कारण बन जाएगा।
चालक की लापरवाही ने ली जान तड़के करीब 4 बजे, सपोर्टिंग गाड़ी के चालक ने बिना नीचे देखे और बिना किसी जांच के वाहन को लापरवाही से रिवर्स करना शुरू कर दिया। भारी-भरकम गाड़ी के पहिए नीचे सो रहे मजदूरों के शरीर पर चढ़ गए। वाहन का वजन इतना अधिक था कि तीनों मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने वाहन जब्त किया, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही पीथमपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने दुर्घटनाकारी वाहन को जब्त कर लिया है और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा पूरी तरह से चालक की लापरवाही का नतीजा है। मृतकों के परिजनों को छत्तीसगढ़ में सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से ही उनके गांवों में मातम पसरा हुआ है।
Leave A Reviews