
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के Pench National Park के कुंभपानी वन परिक्षेत्र में टाइगर अटैक में युवक की मौत के बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। घटना स्थल के आसपास अब भी बाघ की मूवमेंट बनी हुई है, जिससे आसपास के गांवों में डर का माहौल है।
वन विभाग की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए “बाघ चौपाल” का आयोजन कर रही है। अधिकारियों ने खास तौर पर महुआ तोड़ने जाने वाले ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्हें अकेले जंगल में न जाने, छोटे बच्चों को साथ न ले जाने और समूह में शोर करते हुए चलने की हिदायत दी गई है।
जानकारी के मुताबिक सफेद पाठा, घुरलाह टेकरी और आसपास के जंगलों में बाघ की लगातार गतिविधि देखी जा रही है। इसके अलावा खमरा और जमतरा क्षेत्रों में भी बाघ के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। इन इलाकों में ग्रामीणों का रोजाना आना-जाना रहता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है, लेकिन बाघ की मौजूदगी के चलते स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल में जाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Leave A Reviews