
पन्ना। जिले के रनवाह इलाके में बुधवार, 11 फरवरी को एक खूंखार टाइगर ने बकरियां चरा रहे 42 वर्षीय चरवाहे पर अचानक हमला कर दिया। टाइगर ने चरवाहे के गले को निशाना बनाया, लेकिन बकरियों के शोर मचाने से चरवाहे की जान बाल-बाल बच गई। घायल रामदीन लुनिया को गंभीर हालत में पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झाड़ियों में छिपकर किया हमला घायल रामदीन ने अस्पताल में आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह झालर क्षेत्र के पास बकरियां चरा रहे थे। तभी झाड़ियों में पहले से छिपे टाइगर ने उन पर झपट्टा मार दिया। टाइगर ने उनके गले के पास दांत गड़ाकर हवा में उछाला, जिससे वे जमीन पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हमले में रामदीन की कमर और हाथ में गहरे जख्म आए हैं।
बकरियों ने भटकाया टाइगर का ध्यान मौत के मुंह में समा चुके रामदीन की जान उनकी बकरियों ने बचाई। हमले के दौरान बकरियां जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। बकरियों का शोर सुनकर टाइगर का ध्यान भटक गया और वह चरवाहे को छोड़कर बकरियों की तरफ लपका। इसी बीच रामदीन को संभलने का मौका मिल गया और वे जान बचाकर वहां से भाग निकले। किसी तरह घर पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से सुरक्षा की मांग इस घटना के बाद से रनवाह और आसपास के ग्रामीण इलाकों में टाइगर को लेकर भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाकों के करीब टाइगर की लगातार मौजूदगी से खेतों में काम करना और मवेशियों को चराना खतरे से खाली नहीं रह गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और टाइगर को जंगल में खदेड़ने की मांग की है।
Leave A Reviews