
दमोह. मध्यप्रदेश के दमोह जिले के मोहनपुर गांव में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा घटित हुआ। बिजली के खंभे से आ रही सर्विस लाइन की केबल अचानक टूटकर एक घर के मुख्य लोहे के गेट पर गिर गई। गेट में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ने की वजह से घर की महिला की तड़पकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में परिवार के ही 6 अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। इस हादसे में महिला के बेटे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
गेट छूते ही चिपक गई महिला मिली जानकारी के मुताबिक, मोहनपुर गांव की रहने वाली 50 वर्षीय संतोष रानी देर रात किसी घरेलू काम से घर से बाहर आ रही थीं। जैसे ही उन्होंने बाहर जाने के लिए अपने घर के लोहे के गेट पर हाथ लगाया, वे गेट में दौड़ रहे तेज करंट की चपेट में आ गईं और वहीं चिपक गईं। संतोष रानी की चीख-पुकार सुनकर घर के भीतर मौजूद उनका बेटा परदेसी बंसल, बहू रोशनी और परिवार के अन्य लोग बिना कुछ सोचे-समझे उन्हें बचाने के लिए बाहर दौड़े, लेकिन वे भी एक-एक कर करंट की चपेट में आते चले गए।
ग्रामीणों ने सूझबूझ से बचाई अन्य जान चीख-पुकार और शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने गजब की सूझबूझ दिखाते हुए सूखी लकड़ी की मदद से बिजली के लाइव तार को लोहे के गेट से अलग किया, तब जाकर परिवार के अन्य सदस्यों की जान बच सकी। इसके तुरंत बाद सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बेटे की हालत नाजुक, गांव में दहशत जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, मृतका संतोष रानी के बेटे परदेसी बंसल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। वहीं परिवार के अन्य 5 लोगों को प्राथमिक उपचार और निगरानी के बाद छुट्टी दे दी गई है। इस खौफनाक हादसे के बाद से पूरे मोहनपुर गांव में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने टूटे हुए तार को हटाया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews