
पांढुर्णा जिले के जाटलापुर बिरौली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 20 वर्षीय युवती सलोनी बिसोने की गिट्टी खदान के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वह घर के पास स्थित खदान से पानी भरने गई थी।
जानकारी के अनुसार, सलोनी बिसोने (20) पिता शिवप्रसाद बिसोने पानी लेने के लिए घर के पीछे स्थित गिट्टी खदान के गड्ढे पर गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद वह पानी में डूबी हुई अवस्था में मिली। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया।
हालांकि, आपातकालीन कॉल महाराष्ट्र स्थित कॉल सेंटर में पहुंचने के कारण सूचना पांढुरना के नंदनवाड़ी 108 टीम तक पहुंचने में देरी हुई। इस प्रक्रिया में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। इसके बाद युवती को सिविल अस्पताल पांढुरना ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि सलोनी को पहले से फिट (दौरे) की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि पानी भरते समय उसे दौरा पड़ा होगा, जिससे वह खदान के गहरे गड्ढे में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
Leave A Reviews