
सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र के गनेड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मिट्टी की सुरंग ढहने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह सुरंग बच्चों ने खेत में बने 3 से 4 फीट ऊंचे मिट्टी के टीले के नीचे खेल-खेल में बनाई थी।
जानकारी के अनुसार, होलाश मेघवाल (10), गौतम सैनी (14) और दीपेश नायक (12) अपने दोस्तों के साथ सुरंग में खेल रहे थे। तभी अचानक मिट्टी का टीला ढह गया और तीनों बच्चे उसके नीचे दब गए। उनका एक साथी कृष्ण सुरंग के बाहर था और उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को निकालने की कोशिश की। बाद में राजस्थान पुलिस की नेछवा थाना टीम भी मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी कैलाशचंद ने बताया कि यह हादसा बच्चों के खेल के दौरान हुआ।
बताया जा रहा है कि मृत बच्चों के परिवार पहले से ही आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इस हादसे के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है।
Leave A Reviews