
कांगड़ा। एनएच-503 पर ढलियारा स्थित ‘खूनी मोड़’ के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राधा स्वामी सत्संग घर के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर करीब 90 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के कपूरथला से श्रद्धालुओं का एक समूह ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर हिमाचल में देवी दर्शन के लिए आया हुआ था। श्रद्धालुओं ने चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद ज्वालामुखी मंदिर के लिए यात्रा शुरू की थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वाहन ढलियारा के खतरनाक ‘खूनी मोड़’ के पास पहुंचा, अचानक ट्रैक्टर के ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्राली सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
Leave A Reviews