
छतरपुर जिले में नेशनल हाईवे-86 पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार युवक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। घटना मातगुवां थाना क्षेत्र के बुंदेला ढाबा के पास की है।
हादसे में बाइक सवार शंकर यादव (20), पिता मुन्ना यादव, निवासी नंदगांव गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के सिर में गहरी चोट आई है और घसीटे जाने के कारण उसका घुटना भी बुरी तरह छिल गया।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मातगुवां थाना पुलिस ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
Leave A Reviews