दमोह रेलवे स्टेशन के पास पथरिया फाटक के समीप बुधवार रात एक बुजुर्ग ट्रेन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उसका एक हाथ और एक पैर कट गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना रात करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल बुजुर्ग काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर तड़पता रहा। आरोप है कि सूचना के बावजूद रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे प्रशासन को सूचना दी, लेकिन लगभग एक घंटे तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में आरपीएफ पुलिस पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने स्वयं एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बाद में पहुंचे कुछ अधिकारियों ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई और धमकी भी दी। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। संगठन ने रेल मंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
Leave A Reviews