
पन्ना के सुनहरा बीट के टपरियन हार इलाके में ढाई साल की बच्ची अचानक लापता हो गई। बच्ची की खोज में पुलिस और वन विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं।
बच्ची के पिता अमर आदिवासी ने बताया कि वे अपनी पत्नी और बेटी पलक के साथ महुआ बीनने गए थे। खेत जंगल के करीब स्थित है और वहां एक छोटी झोपड़ी भी है। माता-पिता के काम में व्यस्त होने के दौरान बच्ची अचानक गायब हो गई।
पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) के रेंजर अजय बाजपेयी ने कहा कि इलाके में बाघों और अन्य जंगली जानवरों की सक्रियता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि बच्ची किसी जंगली जानवर के द्वारा उठा ली गई हो। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
बच्ची की तलाश में विशेष डॉग स्क्वॉड तैनात किया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीमें झाड़ियों और घने जंगलों की खाक छान रही हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की भी आशंका जताई है।
पुलिस अधिकारी टीआई रोहित मिश्रा के मुताबिक, जांच जारी है और जल्द ही बच्ची की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी।
Leave A Reviews