Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उमरिया: मामूली विवाद में खोया आपा, SECL कर्मचारी ने अपनी ही बाइक को किया आग के हवाले

उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली अंतर्गत बाबू लाइन कॉलोनी में सोमवार रात एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक एसईसीएल (SECL) कर्मचारी ने मामूली विवाद के बाद गुस्से में आकर अपनी ही मोटरसाइकिल में आग लगा दी। यह घटना वार्ड नंबर 12 की है, जहाँ रास्ते से गाड़ी निकालने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी गोलू गुप्ता अपनी बोलेरो गाड़ी लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में एसईसीएल कर्मचारी गोविंद प्रजापति की बाइक खड़ी थी, जिससे निकलने की जगह कम थी। गोलू ने किसी तरह किनारे से अपनी गाड़ी निकाल ली, लेकिन इस बात पर गोविंद भड़क गया। आरोप है कि नशे में धुत गोविंद ने गोलू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ता चला गया।

खुद की बाइक फूँकी, दूसरे पर भी पेट्रोल डालने का आरोप

पीड़ित गोलू गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि विवाद के दौरान गोविंद ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया था। जब मोहल्ले के लोग शोर सुनकर वहां पहुंचे और बीच-बचाव किया, तो गोविंद ने आपा खो दिया और अपनी ही बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं ने भी पुष्टि की है कि कर्मचारी उस समय काफी आक्रामक व्यवहार कर रहा था।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब तक आग पर काबू पाया जाता, बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। बिरसिंहपुर पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave A Reviews

Related News