Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उमरिया: 30 हाथियों के झुंड ने 3 एकड़ फसल रौंदी, मचा हड़कंप


उमरिया जिले के परासी महामन गांव में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 30 जंगली हाथियों का एक बड़ा झुंड खेतों में घुस आया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) से निकले इन हाथियों ने किसानों की तीन एकड़ से अधिक में लहलहाती फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। हाथियों के अचानक गांव के पास पहुंचने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई।

मिर्ची का धुआं कर जंगल की ओर खदेड़ा

घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और वनकर्मियों ने मिलकर हाथियों को खदेड़ने के लिए जोर-जोर से शोर मचाया और मिर्ची का तीखा धुआं किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को वापस जंगल की ओर मोड़ा जा सका।

इन किसानों की फसलें हुईं तबाह

हाथियों के इस उत्पात में मुख्य रूप से किसान बृजभूषण सिंह (परासी) और रामनरेश सिंह (महामन) के खेतों में लगी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। किसानों ने प्रशासन से नुकसान के सर्वे और तत्काल उचित मुआवजे की मांग की है।

वन विभाग रख रहा है कड़ी निगरानी

हाथियों का यह झुंड बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों को अपना स्थाई ठिकाना बनाए हुए है, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों और खेतों में उनके आने का खतरा बना रहता है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है, लेकिन वे दोबारा आबादी की तरफ न लौटें, इसके लिए वन अमला इलाके में लगातार गश्त और निगरानी कर रहा है।

Date & Time : 2026-09-16 07:24:09

Share:

Leave A Reviews

Related News