Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मुजफ्फरनगर में प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख


मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में प्लास्टिक के एक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, प्लास्टिक के गोदाम के बगल में देवलोक बैंक्वेट हॉल स्थित है, जहां शादी समारोह आयोजित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि शादी में विदाई समारोह के दौरान आतिशबाजी की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों से निकली चिंगारी गोदाम तक पहुंच गई, जिससे वहां आग लग गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में प्लास्टिक का सामान होने के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। सूचना पर दमकल विभाग की आठ गाड़ियां और तीन पेपर मिलों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।

इस घटना के बाद गोदाम के मालिक की तबीयत भी बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बरती गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि विभाग को कुकड़ा चौक के पास आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि प्लास्टिक के गोदाम में आग लगी हुई है। गोदाम के ठीक सामने बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह चल रहा था।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह विदाई समारोह के दौरान पटाखे छोड़े गए थे। आशंका है कि पटाखों से निकली चिंगारी गोदाम तक पहुंची और आग लग गई। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं।

Date & Time : 2026-11-21 11:50:02

Share:

Leave A Reviews

Related News