Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उत्तर प्रदेश: लेखपाल-बीएड परीक्षाओं पर सरकार की सख्ती, एआई निगरानी से होगी लाइव मॉनिटरिंग


लखनऊ, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा और संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 को लेकर शासन ने सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान एआई निगरानी से लाइव मॉनिटरिंग होगी।

लखनऊ, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा और संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 को लेकर शासन ने सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान एआई निगरानी से लाइव मॉनिटरिंग होगी।

कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने मंगलवार को दोनों परीक्षाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएं। जिन जिलों में अभ्यर्थियों की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत सभी कार्मिकों को गहन प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया, ताकि संचालन में किसी प्रकार की चूक न हो।

कृषि उत्पादन आयुक्त ने गोपनीय सामग्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री की निकासी कोषागार से निर्धारित सीरिज और केंद्र के अनुसार ही की जाए तथा समयबद्ध तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाए। अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग पूरी गंभीरता के साथ कराने को कहा गया है।

उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और परीक्षा केंद्रों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर भी बल दिया गया। गर्मी के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और परीक्षा केंद्रों पर जरूरत के मुताबिक होल्डिंग एरिया बनाने के निर्देश दिए गए हैं। नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने तथा ओआरएस और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष एसएन साबत ने बताया कि लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा 21 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के 44 जिलों के 861 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में 3,66,712 अभ्यर्थी शामिल होंगे। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, आगरा, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़ और झांसी में 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।

वहीं, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए इस बार 4,44,958 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाते हैं। परीक्षा प्रदेश के 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में 61 प्रतिशत महिला और 39 प्रतिशत पुरुष अभ्यर्थी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रो. पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से एआई इनेबल्ड सर्विलांस सिस्टम आधारित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके जरिए सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग होगी।

सिस्टम किसी भी अनधिकृत गतिविधि, भीड़, विवाद, निर्धारित संख्या से अधिक लोगों की मौजूदगी और परीक्षा समय से पहले या बाद की गतिविधियों पर स्वत: अलर्ट जारी करेगा। दोनों पालियों में अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन आधारित उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।

--आईएएनएस

विकेटी/एएसएच

Share:

Leave A Reviews

Related News