Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में कोल ब्लॉक की ब्लास्टिंग से दीवार गिरी, 17 वर्षीय छात्र की मौत


सिंगरौली। जिले के एमिल बंधा कोल ब्लॉक में ब्लास्टिंग के दौरान मकान की दीवार गिरने से 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के समय छात्र घर के पीछे बने मकान में मवेशियों को चारा दे रहा था। दीवार का मलबा गिरने से वह उसके नीचे दब गया। घटना शनिवार शाम की है, लेकिन इसकी जानकारी पांच दिन बाद बुधवार को सामने आई।

मृतक की पहचान देवेश गुप्ता, पिता सुनील गुप्ता के रूप में हुई है। वह उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में कक्षा 11वीं का छात्र था।

ब्लास्टिंग के दौरान गिरी मकान की दीवार

देवेश के चाचा राम बिहारी गुप्ता के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे देवेश घर के पीछे बने मकान में बड़े मवेशियों को बांधकर चारा दे रहा था। इसी दौरान कोल ब्लॉक कंपनी की ओर से ब्लास्टिंग की गई। इसके बाद मकान की एक दीवार गिर गई और देवेश मलबे में दब गया।

परिजन उसे मलबे से निकालकर बैढ़न अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मुआवजा और विस्थापन नहीं होने का आरोप

देवेश के चाचा राम बिहारी गुप्ता ने कोल ब्लॉक कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि परिवार को समय पर मुआवजा दिया गया होता और व्यवस्थित तरीके से विस्थापित किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था।

परिजनों ने कंपनी प्रबंधन और प्रशासन से मुआवजा देने, परिवार का व्यवस्थित विस्थापन करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को नहीं मिली घटना की सूचना

घटना के करीब पांच दिन बाद भी परिजनों ने बरगवां थाने में लिखित शिकायत नहीं दी थी। पुलिस को सूचना दिए बिना और पोस्टमार्टम कराए बगैर ही छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि गांव में ऐसी घटना हुई है तो परिजनों को पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

वहीं, कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए प्रवक्ता राजीव किशोर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Date & Time : 2026-11-11 13:18:24

Share:

Leave A Reviews

Related News