
पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच युद्ध पांचवें हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। मंगलवार को अमेरिकी और इस्राइली सेनाओं ने ईरान के खोर्रमाबाद हवाई अड्डे और 17 रिहायशी इलाकों में हवाई हमले किए। इन हमलों में अल्बोर्ज प्रांत में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
ईरानी रेड क्रिसेंट ने नागरिक इलाकों पर हमलों को अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया और इसे युद्ध अपराध करार दिया। वहीं, ईरान ने अमेरिकी-इस्राइली हमलों के जवाब में कई मिसाइलें इस्राइल पर दागीं। इस्राइली मीडिया के अनुसार, मध्य इस्राइल में कुछ नुकसान हुआ, जबकि कई मिसाइलों को रोकने का दावा किया गया है।
ईरान के सैन्य सूत्रों ने बताया कि देश के सभी शहरों में मिसाइल लॉन्चर सक्रिय हैं और रोजाना हमले किए जा रहे हैं। फार्स न्यूज के अनुसार, नई तैनाती और तकनीकी उपायों से ईरानी सेना ने दुश्मन के हवाई हमलों को तेजी से बेअसर किया है।
तेहरान में भी बड़े धमाके सुने गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान को रात आठ बजे तक समझौता करने की चेतावनी दी और कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हर पुल और ऊर्जा संयंत्र तबाह कर दिया जाएगा।
इस्राइली सेना ने दक्षिण-पश्चिमी ईरान के शिराज में पेट्रोकेमिकल ठिकाने पर हवाई हमले का दावा किया। इस परिसर में नाइट्रिक एसिड का उत्पादन होता है, जो ईरानी सशस्त्र बलों और बैलिस्टिक मिसाइल विकास के लिए महत्वपूर्ण सामग्री प्रदान करता है।
Leave A Reviews