
जबलपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल (पमरे) में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, तीनों मंडलों (जबलपुर, भोपाल, कोटा) और दोनों प्रमुख कारखानों में विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसी कड़ी में मुख्यालय के कार्मिक विभाग द्वारा प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार के मार्गदर्शन में ‘रेल सौरभ अधिकारी क्लब’ में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पमरे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और देश सेवा के प्रति समर्पित रहने की सामूहिक शपथ दिलाई। इसके उपरांत उन्होंने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक व्यक्तित्व, अदम्य साहस और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही स्कूली बच्चों और रेल कर्मियों के लिए निबंध एवं ड्राइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। दौड़ के पश्चात सांस्कृतिक अकादमी मुख्यालय, जबलपुर मंडल तथा लोको तलैया स्कूल में सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों व कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
आयोजन के दौरान अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल व दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम. एस. हाशमी, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी, चिकित्सा निदेशक डॉ. अशोक कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविन्द कुमार रजक, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार और सचिव महाप्रबंधक जे. पी. सिंह सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (कैडर) अभय कुमार गुप्ता ने किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) अजय कुमार दीक्षित, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (आईआर) संजय कुमार सिन्हा, सहायक कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) शैलेन्द्र सिंह गौर सहित कल्याण अनुभाग एवं खेलकूद संघ की सक्रिय भूमिका रही।
Leave A Reviews