Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जबलपुर में 4.35 करोड़ का गांजा जब्त, पेंट के 412 डिब्बों के बीच छिपाई थीं बोरियां


जबलपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। गोसलपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने देर रात करीब 2 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। इस संयुक्त ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब एनएच-30 पर गश्त कर रही थी, तभी मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से गुजर रहे एक संदिग्ध कंटेनर को देखा गया। पुलिस ने तत्काल पीछा कर मोहतरा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की और कंटेनर को रोक लिया। वाहन रुकते ही चालक और उसके साथी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

412 पेंट के डिब्बों की आड़ में छिपाई थीं 28 बोरियां, 871 किलो गांजा बरामद

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। कंटेनर की तलाशी लेने पर आगे और चारों तरफ पेंट के 412 डिब्बे लोड मिले, जिनके बीच में गांजे से भरी 28 बोरियां करीने से छिपाई गई थीं। इन बोरियों के अंदर खाकी रंग के विशेष टेप से सील किए गए गांजे के पैकेट रखे हुए थे। वजन कराने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर, पेंट के डिब्बे और समस्त मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर लिया है।

ओडिशा से लोड हुई थी खेप, मैहर के पास होनी थी एक लाख रुपये में डिलीवरी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी धर्मवीर सिंह (45) और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी विक्रम करमाकर (24) के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में चालक धर्मवीर सिंह ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर यह खेप मध्य प्रदेश लाई जा रही थी। इस काम के लिए चालक को एक चक्कर के बदले एक लाख रुपये का भुगतान तय किया गया था। 27 अक्टूबर को बलांगीर से माल लोड करने के बाद इसे मैहर पहुंचने से पहले स्थित एक जियो पेट्रोल पंप के पास अनलोड किया जाना था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और गिरोह के मुख्य सरगना प्रभात साहू सहित लोकल नेटवर्क की धरपकड़ शुरू कर दी है।

Date & Time : 2026-10-31 11:44:27

Share:

Leave A Reviews

Related News