
वॉशिंगटन. अमेरिका की राजधानी में आयोजित 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान हुई गोलीबारी ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट के बाहर सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश करने वाले हमलावर की पहचान 31 साल के कोल थॉमस एलन (Cole Thomas Allen) के रूप में हुई है। ताज्जुब की बात यह है कि यह कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि एक उच्च शिक्षित मैकेनिकल इंजीनियर और नासा (NASA) फेलो रह चुका व्यक्ति है।
वॉशिंगटन के मशहूर होटल हिल्टन में जब राष्ट्रपति और दुनिया भर के लगभग 2,500 वीआईपी मेहमान डिनर कर रहे थे, तभी होटल के बाहर गोलियों की आवाज सुनाई दी। कैलिफोर्निया के रहने वाले एलन ने बॉलरूम में घुसने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने उसे चेक पोस्ट पर ही रोक लिया। संघर्ष के दौरान उसने फायरिंग की, जिसमें एक संघीय अधिकारी घायल हो गया।
आरोपी कोल थॉमस एलन का बैकग्राउंड किसी 'जीनियस' से कम नहीं है। उसके ऑनलाइन प्रोफाइल और लिंक्डइन (LinkedIn) से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है:
उच्च शिक्षा: एलन ने प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया प्रौद्योगिकी संस्थान (Caltech) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। इसके बाद उसने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया।
NASA का साथ: साल 2014 में उसने नासा की जेट प्रोपल्शन लैबोरेट्री (JPL) में समर अंडरग्रेजुएट रिसर्च स्कॉलरशिप के तहत काम किया था।
गेम डेवलपर और टीचर: वह एक इंडी गेम डेवलपर है जिसने 'Bohrdom' और 'First Law' जैसे गेम बनाए हैं। इसके अलावा उसने C2 Education में पार्ट-टाइम टीचर और कैलटेक में टीचिंग असिस्टेंट के तौर पर भी काम किया है।
डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया की अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने बताया कि एलन पर 'खतरनाक हथियार से संघीय अधिकारी पर हमला' और 'हिंसक अपराध के दौरान हथियार का उपयोग' करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जांचकर्ताओं का मानना है कि एलन भारी नुकसान पहुँचाने के इरादे से आया था। उसकी राजनीतिक झुकाव की भी जांच हो रही है, क्योंकि कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में उसे 2024 में डेमोक्रेटिक फंड का डोनर और 'टीचर ऑफ द मंथ' बताया गया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा, जहाँ उसकी मंशा पर और अधिक खुलासे होने की उम्मीद है।
Leave A Reviews