
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह रेलवे स्टेशन पर शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने करीब 7 किलो गांजे के साथ 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ओडिशा के बौद्ध जिले से गांजे की खेप लेकर मध्य प्रदेश में सप्लाई करने पहुंची थी। वह अपने साथ दो बच्चों को भी लाई थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सागर जीआरपी की टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, महिला गांजे की खेप लेकर दमोह पहुंची थी, जहां उसे इसकी सप्लाई करनी थी। सूचना मिलने के बाद जीआरपी की टीम ने स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। बैग की तलाशी में करीब 7 किलो गांजा मिलने के बाद महिला को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
कटनी सहित अन्य जगहों पर गांजा बेचने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान महिला ने मध्य प्रदेश के कटनी सहित अन्य स्थानों पर पहले भी गांजा बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया है। अब उससे गांजा तस्करी के नेटवर्क, खेप उपलब्ध कराने वाले सप्लायर और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी एचएल चौधरी ने बताया कि महिला को गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। उससे रिमांड पर पूछताछ की जा रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
Leave A Reviews