
डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के पड़रिया छांटा गांव में एक युवक की मुंह में बम फटने से मौत हो गई। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसे सुअर मार बम रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दिया था। राजेन्द्र बरौतिया ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रखा और चबाया, तभी विस्फोट हो गया। गंभीर रूप से घायल राजेन्द्र ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मुताबिक, राजेन्द्र बरौतिया (35) शाम को परिजनों के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। इसी दौरान गांव का रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि रामभगत ने सुअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को दे दिया। राजेन्द्र ने उसे रसगुल्ला समझकर मुंह में डाल लिया। चबाते ही बम में विस्फोट हो गया, जिससे उसके मुंह में गंभीर चोटें आईं।
विस्फोट के बाद परिजन राजेन्द्र को ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे बचाया नहीं जा सका। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के पास सुअर मार बम कहां से आया और उसे किसने उपलब्ध कराया था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
Leave A Reviews