
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। पड़क्का औद्योगिक क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान मोहरिया लालन गांव निवासी राजभान कोल के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था और उसकी शादी पिछले वर्ष ही हुई थी।
जानकारी के अनुसार, राजभान 3 अप्रैल की शाम से लापता था। शनिवार सुबह परिजनों को उसका शव एक गड्ढे में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजभान को उसके कुछ परिचितों ने शराब पीने के बहाने बुलाया था। इसके बाद आरोपियों ने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की, फिर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते और एसडीओपी ख्याति मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Leave A Reviews