
सतना। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सतना में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त भारत विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत माह-3 के प्रथम सप्ताह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. गुप्ता के निर्देशन तथा रासेयो जिला संगठक प्रो. मनीष प्रताप सिंह एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की महिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गरिमा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. आर.एस. गुप्ता ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. गौहर हुजैफा खान एवं अंकिता सिंह बघेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा नशामुक्ति की शपथ, साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, योगाभ्यास एवं नुक्कड़ नाटक जैसी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
इनके माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगानी चाहिए।
युवा शक्ति की सकारात्मक भागीदारी से ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि नशे को कहें ना, जीवन को कहें हां; स्वस्थ युवा, सशक्त भारत और विकसित भारत बनाने की दिशा में सहयोग करें।
Leave A Reviews