
चित्रकूट। ग्रामोदय विश्वविद्यालय संविधान गौरव दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 27 नवंबर को महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के वाल्मीकि सभागार में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश की आत्मा है और यह हम सबकी आवाज है, इसलिए इसके गौरव को सदैव ऊंचा बनाए रखना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद गणेश सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा ग्रामोदय विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलाधिपति भारतरत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश में व्याप्त छुआछूत, असमानता और सामाजिक भेदभाव जैसी अनेक बुराइयों को समाप्त करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान हमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संविधान हमारी जीवन पद्धति का आधार है और इसमें भारतीय सांस्कृतिक एवं ज्ञान परंपरा की गहरी झलक दिखाई देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान की भावना के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान दिवस आत्ममंथन का अवसर है और आजादी के बाद व वर्ष 2014 के बाद हुए संवैधानिक संशोधनों ने देश के गौरव को निरंतर आगे बढ़ाया है।
इस ग्रामोदय विश्वविद्यालय संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर के अविस्मरणीय योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे पूर्व विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सांसद गणेश सिंह का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया।
समारोह में पर्यावरण एवं विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एस.के. चतुर्वेदी ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की विषय-वस्तु और इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. ललित कुमार सिंह ने किया तथा कृषि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एच.एस. कुशवाहा ने आभार प्रदर्शन किया। राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews