
इंदौर. शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित ताप्ती परिसर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक घटना घटी. 23 वर्षीय राज मकवाना ने अपनी ही मल्टी की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि रात में टहलने के दौरान पुलिसकर्मी ने राज को रोका और उसे थप्पड़ मारा, जिससे घबराकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
टहलने पर हुआ था विवाद
राज की बहन राधिका के अनुसार, राज को सांस लेने में दिक्कत थी, इसलिए वह रात करीब 2 बजे नीचे टहल रहा था. गार्ड से बहस होने के बाद वहां पुलिस की गाड़ी पहुँची. परिजनों का दावा है कि राज ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन एक जवान ने उसे थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद राज इतना डर गया कि वह बार-बार घर के अंदर-बाहर करने लगा और अंततः अपनी मां की आंखों के सामने ही नीचे कूद गया.
मानसिक तनाव और पुलिस की जांच
शुरुआती जांच में सामने आया है कि राज पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव (Mental Stress) से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था. घटना के बाद से ही इलाके में आक्रोश है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपों की सत्यता जांचने के लिए सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
Leave A Reviews