
ओरछा/झांसी. बुंदेलखंड की पावन नगरी ओरछा से एक मर्माहत कर देने वाली खबर सामने आई है. होली के उल्लास के बीच बेतवा नदी में नहाने गए भारतीय सेना के जवान निपेश पस्तोर (25) की गहरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गई. सबसे दुखद पहलू यह है कि निपेश की छुट्टियाँ समाप्त हो गई थीं और उन्हें आज यानी गुरुवार 5 मार्च को पंजाब के जालंधर में अपनी यूनिट में ड्यूटी पर रिपोर्ट करना था.
झांसी के दाऊ नगर (हंसारी) निवासी निपेश अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद बुधवार को ओरछा आए थे. बेतवा नदी के तट पर नहाते समय तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए. साथियों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
सैन्य परंपरा वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
निपेश का पूरा परिवार देशसेवा को समर्पित है. उनके पिता रुद्र नारायण पस्तोर सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं. निपेश के जुड़वां भाई नितेश और बहन सेतन इस वज्रपात से गहरे सदमे में हैं. गुरुवार सुबह जब जवान का पार्थिव शरीर उनके निवास पहुँचा, तो पूरे दाऊ नगर में मातम छा गया. एक होनहार जवान की इस तरह विदाई ने हर आंख को नम कर दिया है.
Leave A Reviews