Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गुजरात के भुज में ट्रक की टक्कर से झाबुआ के परिवार के 4 लोगों की मौत


झाबुआ। गुजरात के भुज में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के संदला गांव के एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, महिला गर्भवती थी। हादसे में अन्य मजदूरों के भी घायल होने की खबर है।

जानकारी के अनुसार, झाबुआ जिले के संदला गांव के दो सगे भाई दीवान और अर्जुन मजदूरी करने गुजरात के भुज गए थे। उनके साथ क्षेत्र के अन्य मजदूर भी वहां काम कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि काम में व्यस्त होने के कारण ये मजदूर दीपावली पर भी अपने घर नहीं लौट पाए थे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास खाना खा रहे थे मजदूर

बताया गया है कि हादसे के समय मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास छांव में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर के पास बैठे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में दंपती और दो बच्चे शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दीवान, पिता दलसिंह मखौड़िया, उनकी पत्नी अश्विना, अर्जुन मखौड़िया के परिवार की नवीना और दशरथ के रूप में हुई है। सभी झाबुआ तहसील के संदला गांव के निवासी थे।

परिजनों के अनुसार, दीवान और अश्विना की तीन बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी गांव में ही थी, जबकि दो उनके साथ गुजरात गई थीं। हादसे में परिवार के सदस्यों की मौत की खबर मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।

हादसे की खबर मिलते ही गांव से रवाना हुए लोग

घटना की जानकारी मिलने के बाद संदला गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीण घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। हादसे में अन्य मजदूरों के घायल होने की भी सूचना है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Date & Time : 2026-11-24 14:05:26

Share:

Leave A Reviews

Related News