
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोठी थाना क्षेत्र के बगिया मोड़ पर सतना से बिरसिंहपुर जा रही गैवीनाथ ट्रेवल्स की मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में खुटहा निवासी राघवेंद्र त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए कोठी अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। बस के अचानक पलटते ही अंदर फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने बस के शीशे और दरवाजे के रास्ते घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे की सूचना मिलते ही कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए कोठी अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर भी सवाल उठे। घटनास्थल पर समय रहते एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण मृतक राघवेंद्र त्रिपाठी के शव को लोडर वाहन में रखकर कोठी अस्पताल भेजना पड़ा। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस बीच सड़क पर पलट गई थी। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने पुलिस टीम के साथ यातायात व्यवस्था संभाली। काफी मशक्कत के बाद रास्ता खुलवाकर आवागमन सुचारू कराया गया।
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। उन्होंने घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों से घायलों की स्थिति पूछी।
राज्यमंत्री ने स्वास्थ्य अधिकारियों और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी तरह की लापरवाही न हो और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
Leave A Reviews