
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पारिवारिक विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पत्नी को मृत समझकर आरोपी जंगल की ओर भाग गया। बाद में तलाश के लिए पहुंची पुलिस को उसका शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला की जान बच गई है। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना मंगलवार को बृजपुर थाना क्षेत्र के बड़गड़ी हजारा गांव की है। जानकारी के अनुसार, सुनीता आदिवासी खेत में धान काटने जा रही थी। इसी दौरान उसका पति सचिन आदिवासी वहां पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद सचिन ने सुनीता की गर्दन के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
हमले के बाद सचिन कुल्हाड़ी लेकर जंगल की तरफ भाग गया। घायल सुनीता को परिजन और ग्रामीण उपचार के लिए जिला अस्पताल पन्ना लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों के मुताबिक, सुनीता की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। सुनीता की तीन बेटियां हैं।
घटना के बाद पुलिस आरोपी सचिन की तलाश में जंगल पहुंची। तलाशी के दौरान उसका शव एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। थाना प्रभारी सोनम शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश के दौरान उसका शव मिला है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आशंका है कि पत्नी को मृत समझकर सचिन जंगल की ओर भागा और वहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद सचिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए पन्ना भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी ओर, घायल सुनीता का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
Leave A Reviews