
काबुल। अफगानिस्तान के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में शुक्रवार देर रात 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कई इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप का केंद्र हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला में था, जो कुंदुज शहर से करीब 150 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।
अफगान स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राजधानी काबुल के बाहरी इलाके में एक घर गिरने से एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हो गया।
भूकंप की गहराई 180 किलोमीटर से अधिक बताई जा रही है, जिसके कारण इसके झटके अफगानिस्तान के साथ-साथ पाकिस्तान के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। पाकिस्तान के इस्लामाबाद, पेशावर, चितरल, स्वात और शांगला जैसे शहरों में भी कंपन महसूस हुआ, हालांकि वहां किसी तरह के नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है।
घटना के बाद काबुल और अन्य प्रांतीय क्षेत्रों के स्वास्थ्य अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य के लिए तैयार है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अफगानिस्तान में भूकंप अक्सर अधिक नुकसान पहुंचाते हैं, क्योंकि ग्रामीण इलाकों में अधिकांश घर मिट्टी और लकड़ी से बने होते हैं, जो तेज झटकों को सहन नहीं कर पाते।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में भी अफगानिस्तान में कई विनाशकारी भूकंप आए हैं, जिनमें हजारों लोगों की जान गई और कई गांव तबाह हो गए। कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और सीमित संसाधन राहत एवं बचाव कार्य को और चुनौतीपूर्ण बना देते हैं।
Leave A Reviews