Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: शिविर में ग्रामीणों के 92 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश


मैहर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को मैहर विकासखंड की ग्राम पंचायत मड़ई में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि,विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी मैहर एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में ग्रामीणों से कुल 92 आवेदन प्राप्त हुए।

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर आज ही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

शिविर में एक आवेदक द्वारा ग्राम पोड़ी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई। कलेक्टर मुखर्जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार जितेंद्र पटेल को शिविर समाप्ति के बाद तत्काल अतिक्रमण हटाने तथा कार्रवाई की रिपोर्ट उसी दिन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शराब दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य

ग्राम सुनवारी स्थित शराब दुकान में निर्धारित एमआरपी से अधिक मूल्य पर शराब विक्रय किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने आबकारी विभाग के अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सभी शराब दुकानों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल न की जा सके।

पटवारियों को हल्कों में उपस्थित रहने और तीन दिवस में स्वामित्व रजिस्ट्री पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर मुखर्जी ने सभी पटवारियों को अपने-अपने हल्कों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर राजस्व संबंधी कार्यों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी तीन दिवस में स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले पटवारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।

मुआवजा प्रकरण में लापरवाही पर एई को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश

शिविर में ग्राम जीतनगर निवासी प्रदीप रजक ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि नर्मदा विकास प्राधिकरण द्वारा नहर निर्माण कार्य के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन पिछले वर्ष से अब तक उन्हें मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है। कलेक्टर मुखर्जी ने प्रकरण के निराकरण में लापरवाही बरतने पर नर्मदा विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता प्रखर सिंह के विरुद्ध निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही पर प्राचार्य एवं शिक्षकों को हटाने के निर्देश

मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में शासकीय हाई स्कूल मड़ई के एक छात्र द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं शिक्षकों की कार्यप्रणाली से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर मुखर्जी ने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर शासकीय हाई स्कूल मड़ई के प्राचार्य एवं सभी शिक्षकों को विद्यालय से हटाने के निर्देश दिए।

विभागीय स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं हितलाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया गया। शिविर में लगाए गए चिकित्सा शिविर में 20 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई।

Date & Time : 2026-11-27 13:06:11

Share:

Leave A Reviews

Related News