
अहमदाबाद. देत्रोज तालुका के राजपुरा गांव में बुधवार रात आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कार्यक्रम में मेहमानों और ग्रामीणों को गुजराती नाश्ता 'सेव-खमणी' परोसा गया था। गुरुवार तड़के लोगों को उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद जिला स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया।
जिला महामारी चिकित्सा अधिकारी, डॉ. चिंतन देसाई ने बताया कि कुल 96 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 58 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि 38 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग ने अन्य 214 लोगों को एहतियाती दवाइयां भी प्रदान की हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फूड सेफ्टी विभाग ने कार्यक्रम में परोसे गए भोजन और पानी के नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेजे हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि फूड पॉइजनिंग का कारण भोजन में मिलावट या दूषित पानी था या नहीं।
गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी कर रही है।
Leave A Reviews