
धार. मध्य प्रदेश के धार जिले के सरदारपुर तहसील अंतर्गत भोपावर चौकी के पास सोमवार की देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। सूरत (गुजरात) से कानपुर (उत्तर प्रदेश) जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस (क्रमांक UP 83 BT 3947) में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए बस के कांच और खिड़कियां तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
अचानक फैला धुआं: रात करीब 1 बजे बस के भीतर अचानक धुआं भरने लगा। जब तक यात्री कुछ समझ पाते, आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। मुख्य दरवाजे से निकलने में असमर्थ यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगाई।
लाखों का सामान जलकर खाक: यात्रियों के बैग, नकदी, कपड़े और गहने आग की चपेट में आ गए। कानपुर निवासी नीलम पाल ने बताया कि उन्होंने पहले अपने 8 साल के बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और फिर खुद जान बचाई, लेकिन उनका सारा सामान और नकदी जल गया।
दाहोद में कराई गई थी मरम्मत: यात्रियों के अनुसार, दाहोद के पास एक होटल पर बस को करीब चार घंटे रोककर कुछ तकनीकी सुधार कार्य कराया गया था। रवाना होने के कुछ ही देर बाद यह हादसा हो गया। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
ड्राइवर फरार: आग की विभीषिका बढ़ते देख बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ी पहुंचने तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया और इंदौर की ओर जाने वाली अन्य यात्री बसों को रुकवाकर प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए सुरक्षित रवाना किया।
Leave A Reviews