
उमरिया जिले के अमरपुर चौकी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ चंद घंटों के भीतर दो सगे दोस्तों की मौत हो गई। भदार नदी में मछली पकड़ने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अपने जिगरी दोस्त की आँखों के सामने हुई इस दर्दनाक मौत को दूसरा साथी बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने गहरे सदमे व खौफ में आकर खेत में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हादसे के बाद से पूरे अमरपुर इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से हैरान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरपुर गांव का रहने वाला रमाकांत कचेर (25 वर्ष) मंगलवार को अपने साथियों के साथ पास ही बहने वाली भदार नदी में मछली पकड़ने गया था। नदी के पानी में अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर मछली पकड़ने के प्रयास के दौरान अचानक रमाकांत खुद ही उस बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गया। पानी में करंट फैलने के कारण रमाकांत को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर जान चली गई। नदी के किनारे मौजूद साथियों के लिए यह नजारा किसी खौफनाक मंजर से कम नहीं था।
इस अचानक हुए हादसे के बाद रमाकांत के साथ मौजूद उसका करीबी दोस्त संदीप (28 वर्ष) मानसिक संतुलन खो बैठा। दोस्त की मौत के गहरे सदमे और कानूनी कार्रवाई के डर से संदीप चुपचाप वहां से भागा और पास ही के एक खेत में जाकर पेड़ पर फंदे से लटक गया। जब अन्य ग्रामीणों और परिजनों को इस बात की भनक लगी, तब तक संदीप की भी सांसें थम चुकी थीं। एक ही दिन में दो युवाओं की मौत से गांव में कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरपुर चौकी पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उमरिया के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक शर्मा ने बताया कि करंट लगने और उसके तुरंत बाद फांसी लगाने की इन दोनों घटनाओं की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है। पुलिस मर्ग कायम कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नदी में करंट कहाँ से और किसने फैलाया था।
Leave A Reviews