
धार में लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम आमला निवासी दयाराम पटेल (36) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तालाब की जमीन पर खेती के लिए पट्टा दिलाने के बदले विभाग के अमीन राज दिनकर द्वारा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है, जबकि पट्टे की आधिकारिक फीस 5 से 7 हजार रुपये है।
शिकायत की जांच राजेश सहाय के निर्देशन में कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 31 मार्च 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया।
योजना के तहत आरोपी ने आवेदक को रिश्वत देने के लिए प्रकाश नगर स्थित एक किराए के मकान पर बुलाया। जैसे ही आरोपी ने आवेदक से 10 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, वहीं आम लोगों को भी ऐसे मामलों में आगे आकर शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
Leave A Reviews