दमोह। जिले के बांदकपुर क्षेत्र के पास स्थित एक गांव में मंगलवार दोपहर प्रकृति का एक दुर्लभ और अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहाँ स्कूल के पास दो विशालकाय सांप काफी देर तक एक-दूसरे से लिपटे हुए 'डांस' करते नजर आए। इस अनोखी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर ग्रामीण हैरान भी हैं और डरे हुए भी।
घंटों चला सापों का 'कॉम्बैट डांस': प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सांप काफी देर तक एक-दूसरे के बदन से लिपटे रहे। वे बार-बार जमीन पर गिरते और फिर बिजली की फुर्ती से फन उठाकर हवा में खड़े हो जाते। पास ही मौजूद वीरेंद्र पटेल ने बताया कि उन्होंने जीवन में पहली बार ऐसा नजारा देखा। शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि सांपों के बीच भीषण लड़ाई हो रही है, लेकिन उनकी जुगलबंदी कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही थी।
विशेषज्ञों की राय—डरें नहीं, यह कुदरती प्रक्रिया है: इस घटना पर वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. दीपेंद्र ने बताया कि यह कोई डरावनी बात नहीं है, बल्कि एक पूरी तरह से प्राकृतिक प्रक्रिया है। गर्मियों के मौसम में अक्सर दो नर सांप अपनी ताकत दिखाने के लिए या प्रजनन (Mating) के उद्देश्य से इस तरह लिपटे रहते हैं। जीव विज्ञान में इसे 'कॉम्बैट डांस' कहा जाता है।
सावधानी जरूरी: डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि ऐसा नजारा दिखने पर सांपों के करीब बिल्कुल न जाएं और न ही उन्हें पत्थर मारें या परेशान करें। यदि इस दौरान उन्हें छेड़ा गया, तो वे आक्रामक होकर हमला कर सकते हैं। फिलहाल, पूरे गांव में इस 'नाग-नागिन के डांस' की चर्चा बनी हुई है और लोग इसे आस्था और अचरज की नजर से देख रहे हैं।
Leave A Reviews