
सिंगरौली कलेक्टर गौरव बेनल ने मंगलवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था संभालने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ओपीडी की जांच के दौरान एक डॉक्टर अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें तत्काल नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। वहीं पर्ची काउंटर पर मरीजों से अवैध वसूली का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन को संबंधित ऑपरेटर को नौकरी से हटाने के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी के बीच वार्डों में कूलर और एसी बंद मिलने पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने सवाल उठाया कि बजट मिलने के बावजूद मरीजों को बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं मिल रही हैं और तुरंत सभी मशीनें चालू करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बातचीत भी की। वहीं एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में 20 में से केवल 6 सीटें भरी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर भर्ती कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में यदि व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews