
अनूपपुर। भालूमाड़ा पुलिस ने सोमवार रात तीन टन चोरी का कोयला जब्त किया है और एक मालवाहक वाहन के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 हजार रुपए नकद भी बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक मालवाहक वाहन में चोरी का कोयला लोड किया जा रहा है। पुलिस टीम ने ग्राम पयारी नंबर 02 में ठाकुर बाबा के पास नाकाबंदी की। जांच के दौरान पिकअप क्रमांक सीजी 10 बीके 0962 से अवैध कोयला बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार चौधरी (42 वर्ष), निवासी मुंडा, थाना जैतहरी के रूप में हुई। जब्त कोयले का वजन तीन टन है और इसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद 49 हजार रुपए संभवतः पहले बेचे गए कोयले की रकम है।
पुलिस ने वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा किया है और संतोष कुमार चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, 27 मार्च को भी भालूमाड़ा पुलिस ने एक ऑटो से सात क्विंटल चोरी का कोयला जब्त किया था। चोरी का यह कोयला आसपास के गांवों से गुजरने वाली मालगाड़ियों से लिया जाता है और ईंट भट्ठों या होटल संचालकों को बेचा जाता है।
Leave A Reviews