
दमोह। पथरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने 304 पेटी अवैध शराब जब्त की है और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को सागर जिले के अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई शुरू हुई। सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने वाहन का पीछा किया, जो वार्ड क्रमांक दो स्थित रेलवे पुलिया के पास एक सूने मकान में घुस गया।
मौके पर पुलिस पहुंची तो एक युवक मकान का शटर बंद करने की कोशिश कर रहा था और पुलिस को देख भाग गया। तलाशी के दौरान मकान और छत से कुल 304 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब की पैकिंग में इस्तेमाल स्टीकर और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
जांच में मकान मालिक कोमल अहिरवार का नाम सामने आया। उसे जूना से गिरफ्तार किया गया, इसके बाद उसके साथी विजय अहिरवार और गोविंद अहिरवार को भी पकड़ लिया गया। कोमल अहिरवार ने पुलिस की सूचना मिलते ही पिकअप को मकान में छिपा दिया था और खुद फरार हो गया था।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि आगे अन्य आरोपी भी सामने आएंगे।
Leave A Reviews