Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अनूपपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत और दो घायल


अनूपपुर जिले अंतर्गत भोलगढ़ के समीप शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतमा क्षेत्र के खुंटवा गांव से मजदूरी कर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर लौट रहे चार लोगों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

रिश्ते में फूफा-भतीजे थे दोनों मृतक, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान निखिल केवट (20 वर्ष) और उसके रिश्ते के फूफा बद्री केवट (35 वर्ष) के रूप में हुई है:

  • निखिल केवट: गंभीर रूप से घायल निखिल ने शनिवार रात 11:58 बजे जिला अस्पताल में अंतिम सांस ली। निखिल अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा होने के कारण अपने परिवार का एकमात्र मुख्य सहारा था।

  • बद्री केवट: बद्री ने रविवार सुबह 5:38 बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वे अपने पीछे पत्नी और 11-12 वर्ष की एक बेटी व 10 वर्ष के बेटे को छोड़ गए हैं।

हादसे में घायल राज बैगा (20 वर्ष) का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि बाइक चालक ठेकेदार रवि कुशवाहा (36 वर्ष) को परिजन बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल से निजी अस्पताल ले गए हैं।

खुंटवा से काम निपटाकर घर लौट रहे थे मजदूर

घायल राज बैगा ने बताया कि वे सभी बरगवां और झगरहा क्षेत्र के निवासी हैं। रवि कुशवाहा लकड़ी कटाई के ठेकेदार हैं, जिनके साथ वे मजदूरी करने कोतमा के खुंटवा गांव गए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे काम समाप्त कर वे घर लौट रहे थे। साथ में एक पिकअप वाहन भी आ रहा था, जिसमें लकड़ियां लोड थीं और अन्य 5-6 मजदूर सवार थे।

इसी दौरान भोलगढ़ के पास पीछे से आए एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अंधाधुंध टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और सभी साथी बेहोश होकर सड़क पर बिखर गए। कुछ देर बाद होश आने पर राज बैगा और घायल रवि कुशवाहा ने हिम्मत जुटाकर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की

जिला अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

Date & Time : 2026-09-13 09:30:01

Share:

Leave A Reviews

Related News