Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अनूपपुर: बिल पर साइन से मना करने पर महिला सरपंच, पति और पंच की बेरहमी से पिटाई, 4 आरोपियों पर FIR


अनूपपुर जिले अंतर्गत पसला ग्राम पंचायत भवन में शुक्रवार को शासकीय कार्य के दौरान महिला सरपंच, उनके पति और एक पंच के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मिट्टी फिलिंग के निर्माण बिल पर बिना सत्यापन के हस्ताक्षर करने से इंकार करने पर हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ितों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने देर रात चार नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पसला ग्राम पंचायत की महिला सरपंच संतरी सिंह गोड़ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आकाश पटेल, नितिन पटेल, शुभम राठौर और रघुवर पटेल पंचायत भवन पहुंचे और मिट्टी फिलिंग कार्य से संबंधित बिल पर तत्काल हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगे। जब सरपंच ने कार्य की वास्तविक स्थिति और तकनीकी जानकारी न होने की बात कहते हुए बिना जांच हस्ताक्षर करने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने पहले गंदी-गंदी गालियां दीं और फिर महिला सरपंच पर टूट पड़े। उन्होंने सरपंच को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा।

बीच-बचाव करने आए पूर्व सरपंच और पंच भी लहूलुहान, एसपी के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली में FIR

पंचायत भवन में मची चीख-पुकार सुनकर महिला सरपंच के पति रोहित सिंह (पूर्व सरपंच) और ग्राम पंचायत के पंच शंकरलाल राठौर तुरंत बीच-बचाव करने दौड़े। आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और दोनों पर जानलेवा हमला करते हुए बेरहमी से मारपीट की। अचानक हुए इस सुनियोजित हमले में महिला सरपंच संतरी सिंह, रोहित सिंह और पंच शंकरलाल राठौर तीनों को गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं।

घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में पीड़ित सीधे अनूपपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे और आपबीती सुनाते हुए सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश के बाद अनूपपुर कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों मुख्य आरोपियों—आकाश पटेल, नितिन पटेल, शुभम राठौर और रघुवर पटेल—के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में गैर-जमानती धाराओं सहित मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Date & Time : 2026-10-24 10:06:20

Share:

Leave A Reviews

Related News