Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कहीं आप भी तो नहीं खा रहे 'जहरीला' अदरक-लहसुन पेस्ट? हैदराबाद में 4000 किलो मिलावटी माल जब्त

हैदराबाद. अगर आप बाजार से मिलने वाले रेडीमेड अदरक-लहसुन पेस्ट के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको सचेत करने वाली है. हैदराबाद पुलिस की टास्क फोर्स और फूड सेफ्टी विभाग ने एक संयुक्त कार्रवाई में शहर के कत्तेदान इलाके में चल रही एक अवैध निर्माण यूनिट का भंडाफोड़ किया है. यहाँ बेहद गंदे और असुरक्षित हालातों में मिलावटी पेस्ट तैयार कर रेस्टोरेंट्स और रिटेल दुकानों को सप्लाई किया जा रहा था.

केमिकल और घटिया माल का 'खतरनाक' कॉकटेल
छापेमारी के दौरान SKR फूड प्रोडक्ट्स नाम की इस यूनिट में जो खुलासे हुए, वे चौंकाने वाले हैं. यहाँ पेस्ट की चमक बढ़ाने और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए एसिटिक एसिड और जैंथन गम जैसे रसायनों का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा था. अधिकारियों ने मौके से:

4,032 किलोग्राम तैयार मिलावटी पेस्ट.

6,210 किलोग्राम सड़ा-गला और घटिया क्वालिटी का कच्चा माल.

लगभग 22 लाख रुपये कीमत का अन्य संबंधित सामान और मशीनें जब्त की हैं.

यूनिट का मालिक गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हैदराबाद सिटी पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा की है. पुलिस ने यूनिट के मालिक, 55 वर्षीय हसन अली रूपानी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और लोगों की जान जोखिम में डालने की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मैलारदेवपल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है.

हैदराबाद में मिलावट का पुराना खेल
यह पहली बार नहीं है जब शहर में इस तरह की मिलावट पकड़ी गई है. इससे पहले मार्च में बोराबंदा और मल्लेपल्ली इलाकों में भी भारी मात्रा में मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट और हानिकारक रसायन जब्त किए गए थे. बार-बार हो रही इन घटनाओं ने शहर के रेस्टोरेंट्स में मिलने वाले खाने की शुद्धता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

Share:

Leave A Reviews

Related News