
तेंदूखेड़ा। क्षेत्र के स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर समाजसेवी एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जीवेश चौरसिया ने भोपाल मंत्रालय में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तेंदूखेड़ा क्षेत्र की समस्याओं और जरूरी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांगों पर शीघ्र और सार्थक पहल करने का आग्रह किया।
चौरसिया के मुताबिक, वे क्षेत्र की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए लगातार पत्र लिख रहे हैं। अब तक 3,504 पत्र भेजे जा चुके हैं। इनमें मां नर्मदा अंचल क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़ी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
मुलाकात के दौरान तेंदूखेड़ा में स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। चौरसिया ने बताया कि तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख कस्बा है और तीन जिलों की सीमाओं से लगा हुआ है। रायसेन और सागर जिले के कई गांव तेंदूखेड़ा से महज 6 से 7 किलोमीटर की दूरी पर हैं। ऐसे में आसपास के ग्रामीण भी इलाज के लिए इसी क्षेत्र पर निर्भर रहते हैं।
उन्होंने तेंदूखेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नत करने की मांग रखी। इसके साथ ही आईसीयू की व्यवस्था, विशेषज्ञ डॉक्टरों, महिला चिकित्सक, अनुभवी चिकित्सा कर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ और कार्यालयीन कर्मचारियों की नियुक्ति जल्द करने का आग्रह किया। वार्ड क्रमांक-1 स्थित पुराने उपस्वास्थ्य केंद्र की जगह व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
ज्ञापन में शिक्षा से जुड़ी कई मांगें भी शामिल हैं। इनमें तेंदूखेड़ा में कृषि महाविद्यालय और महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलना तथा विशाल महिला छात्रावास का निर्माण प्रमुख है। शासकीय महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर गणित और वाणिज्य विषय शुरू करने की मांग की गई।
इसके अलावा शासकीय कन्या और बालक हायर सेकेंडरी स्कूलों में वाणिज्य, कृषि और गृह विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग रखी गई। क्षेत्र में संदीपनी और पीएम श्री स्कूल प्रारंभ करने का भी आग्रह किया गया।
शासकीय महाविद्यालय में बाउंड्रीवॉल, खेल मैदान, ऑडिटोरियम, कैंटीन, अतिरिक्त कक्ष और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। इसके साथ ही छह साल से तैयार पड़े मृदा परीक्षण केंद्र को शुरू करने की मांग उठाई गई।

चौरसिया ने घोघरा नाले के विकास और बेहतर उपयोग के लिए उसे कवर्ड करने, घाट निर्माण और स्टॉप डैम बनाने की मांग रखी। रामघाट जलप्रपात को प्राकृतिक धरोहर के रूप में विकसित करने तथा मैया हरसिद्धि मंदिर को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से बेहतर स्वरूप देने का आग्रह किया।
इसके अलावा नगर के विकास के लिए विशेष पैकेज देने और सभी वर्गों के लिए महिला छात्रावास की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में वार्ड क्रमांक-11 में प्राथमिक स्कूल शुरू करने, पुराने आईटीआई भवन में छात्रावास बनाने और उपकोषालय को नई कॉलोनी में जल्द स्थानांतरित करने की मांग की गई। नई कॉलोनी में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नगर में केवल वैधानिक कॉलोनियों में ही प्लॉट काटने की अनुमति देने का आग्रह भी किया गया।
इसके साथ ही जलाऊ लकड़ी का डिपो शुरू करने, कृषि उपज मंडी परिसर में ही स्थायी क्रय-विक्रय व्यवस्था करने और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छीतापार मौजा बरांझ नदी से संत मोनी कॉलेज तक अतिक्रमण हटाने की मांग शामिल है।
नगर की सीमा में राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज पुराने तालाबों का सीमांकन कराने और घोघरा नाले के विकास पर भी ध्यान देने का अनुरोध किया गया।
जीवेश चौरसिया ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और नगरीय सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर प्राथमिकता से विचार करने का आग्रह किया। अब क्षेत्र के लोगों को इन मांगों पर शासन स्तर से पहल और निर्णय का इंतजार है।
Leave A Reviews