Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बालाघाट: 10वीं की छात्रा ने घर में लगाई फांसी, मौत, जांच ज़ारी

बालाघाट जिले के रामपायली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कौलीवाड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ 16 वर्षीय किशोरी कुमकुम ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी और उसके माता-पिता मजदूरी करने गए थे। शाम को जब मां घर लौटी, तो बेटी को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक कुमकुम की सांसें थम चुकी थीं।

जबलपुर से परीक्षा देकर लौटी थी छात्रा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कुमकुम अपने भाई-बहनों के साथ जबलपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह हाल ही में 10वीं बोर्ड की परीक्षा संपन्न होने के बाद अपने गांव कौलीवाड़ा वापस आई थी। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी होने के कारण वह सबकी लाड़ली थी। शनिवार को वारासिवनी के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

आत्महत्या का कारण फिलहाल अज्ञात

वारासिवनी पुलिस के एएसआई लक्ष्मीप्रसाद राहंगडाले ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आशंका जता रही है कि परीक्षा परिणाम के डर या किसी अन्य मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया गया होगा। हालांकि, परिजनों को भी किसी ठोस कारण की जानकारी नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ सहेलियों व परिजनों से पूछताछ कर मौत की वास्तविक वजह तलाशने में जुटी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News