
उमरिया जिले के मानपुर में प्रशासन ने शनिवार दोपहर अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम हरनीत कौर कलसी को सूचना मिली थी कि ग्राम रक्सा में नत्थू लाल जायसवाल के घर से बड़े पैमाने पर अवैध ईंधन का कारोबार हो रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद जब टीम ने छापा मारा, तो आरोपी का बेटा अंकुश जायसवाल बंद दुकान के भीतर से चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल बेचते हुए पकड़ा गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अंकुश ने अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि डीजल उसके निजी ट्रैक्टर के लिए रखा गया है। हालांकि, टीम को मौके पर ईंधन मापने के उपकरण और बिक्री के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके से 25-25 लीटर की तीन केन, 60 लीटर की एक केन और 30 लीटर की एक केन सहित पेट्रोल की कुप्पियां जब्त की हैं। अधिकारियों ने तीन खाली केन भी बरामद की हैं, जिनका उपयोग अवैध भंडारण के लिए किया जा रहा था।
पुलिस बल की मौजूदगी में एसडीएम ने सभी जब्त सामग्री का पंचनामा तैयार कर मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम हरनीत कौर कलसी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों का अवैध स्टॉक और बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के नजरिए से यह बेहद खतरनाक है। प्रशासन आने वाले दिनों में भी संदिग्ध ठिकानों पर अपनी छापेमारी की कार्रवाई जारी रखेगा ताकि इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
Leave A Reviews