
शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक गल्ला व्यापारी की लापरवाही का फायदा उठाकर चोरों ने उनकी कार का शीशा तोड़ा और 4 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी अशोक कुमार गुप्ता, जो कौआ सरई के निवासी हैं, ने शुक्रवार शाम स्टेट बैंक से यह रकम निकाली थी। पैसे निकालने के बाद उन्होंने नकदी कार में ही छोड़ दी और वाहन को अप्सरा साड़ी सेंटर के पास खड़ा कर अपने काम से चले गए।
व्यापारी जैसे ही कार से दूर गए, घात लगाकर बैठे एक अज्ञात युवक ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बड़ी फुर्ती से कार का शीशा तोड़ा और अंदर रखी नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गया। जब अशोक गुप्ता वापस लौटे, तो कार की खिड़की टूटी देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल जयसिंहनगर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध युवक भागते हुए नजर आ रहा है।
थाना प्रभारी अज्ञेय कुमार बैगा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद उसे वाहन में अकेला न छोड़ें, क्योंकि ऐसे गिरोह अक्सर बैंकों के बाहर रेकी कर व्यापारियों को निशाना बनाते हैं।
Leave A Reviews